लूटपाट के दौरान बेरहमी से की गई मारपीट में गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज न होने से आक्रोशित परिजनों ने पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। करीब 48 घंटे तक परिजन न्याय और कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। सोमवार को करीब आधा सैकड़ा ग्रामीणों के साथ थाने पहुंचकर घेराबंदी की। आखिरकार पुलिस ने दो नामजद समेत चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की और कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजनों ने युवक के शव का अंतिम संस्कार किया।
मैनपुरी जनपद के एलाऊ थाना क्षेत्र के म्योराचक गांव निवासी प्रशांत कुमार पुत्र जगनमोहन अपने भाई अंशुल कुमार के साथ किशनी थाना क्षेत्र के ढाकरोई गांव निवासी बुआ के बेटे उदयवीर सिंह के यहां पिछले एक माह से ट्रैक्टर किराए पर चलाकर गेहूं की बुवाई का कार्य कर रहा था। दीपावली के त्योहार को लेकर सात नवंबर को प्रशांत उदयवीर की बाइक लेकर सकरावा थाना क्षेत्र के बीलमपुर गांव रिश्तेदारी में जा रहा था, जबकि उसका भाई अंशुल ट्रैक्टर लेकर पीछे से आ रहा था।
रात करीब आठ बजे मुखड़ा और बौसिया गांव के बीच रामू जाटव पुत्र पातीराम जाटव के समरसेबल के पास पहुंचते ही दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने प्रशांत की बाइक को घेर लिया। आरोप है कि बदमाशों ने उसे बेरहमी से पीटा, जिससे वह अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद हमलावर उसकी बाइक छीनकर भागने लगे। इसी दौरान ट्रैक्टर लेकर मौके पर पहुंचे भाई अंशुल ने दो हमलावरों शिवम पुत्र मुन्नालाल और सचिन पुत्र रामनरेश निवासी बीलमपुर को पहचान लिया। आरोप है कि प्रशांत की जेब में रखे एक लाख रुपये भी गायब थे। बदमाश कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
गंभीर रूप से घायल प्रशांत को अंशुल ने मिनी पीजीआई सैफई में भर्ती कराया, जहां रविवार सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने तक अंतिम संस्कार न करने का फैसला किया। रविवार को परिजन ग्रामीणों के साथ सौरिख थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग की, लेकिन रिपोर्ट दर्ज न होने से उनका आक्रोश बढ़ता गया।
सोमवार को करीब आधा सैकड़ा परिजन और ग्रामीण एक बार फिर थाने पहुंच गए। सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। मामला तूल पकड़ता देख पुलिस ने दो नामजद और दो अज्ञात समेत चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की तथा कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए। इस तरह घटना के करीब 48 घंटे बाद प्रशांत का अंतिम संस्कार किया जा सका।

0 Comments