जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान अनिरुद्ध प्रताप सिंह उर्फ शिवम, निवासी ग्राम धनवाली (थाना कुदरकोट) के रूप में हुई है। अनिरुद्ध रुरुगंज में अछल्दा-बिधूना मार्ग पर स्थित यूपी ग्रामीण बैंक के पास हार्डवेयर की दुकान चलाता था।
शाम 6:09 बजे हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, घटना मंगलवार शाम करीब 6:09 बजे की है। अनिरुद्ध दिल्ली-हावड़ा ट्रैक पर आ रही ट्रेन संख्या 12947 अजीमाबाद सुपरफास्ट एक्सप्रेस की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
नाराज होकर घर से निकला था
परिजनों ने बताया कि अनिरुद्ध किसी बात को लेकर घर से नाराज होकर निकला था। गुस्से में उसने अपनी पत्नी डिंपल को आखिरी कॉल की और कहा, "मैं कटने जा रहा हूं।" इससे पहले कि परिजन कुछ समझ पाते या उसे रोक पाते, अनिरुद्ध ने यह खौफनाक कदम उठा लिया।
मासूम बेटियों के सिर से उठा पिता का साया
अनिरुद्ध अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी मौत से माता-पिता का सहारा छिन गया है। वह अपने पीछे पत्नी डिंपल और दो मासूम बेटियों, आर्या और आस्था को छोड़ गया है। घटना के बाद से पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची आरपीएफ और स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

0 Comments