Bottom Article Ad

मुख्यमंत्री के पिटारे में जिलेवासियों के लिए सिर्फ घोषणाएं – अनुराग सिंह

उमरिया। जिला युवक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनुराग सिंह अम्बुज के नेतृत्व में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इसमें अनुराग सिंह ने बताया कि 14 नवंबर को उमरिया जिले के मानपुर विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सभा आयोजित की गई। इसके पूर्व कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मांग की थी कि जिले में व्याप्त समस्याओं, विशेषकर युवाओं, किसानों, मजदूरों, ग्रामीणों, सड़क, बिजली, शिक्षा एवं स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर मुख्यमंत्री से चर्चा कर उनका निराकरण कराया जाए। लेकिन पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए सभी प्रमुख कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सुबह से ही हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। यह विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास है, जो अन्यायपूर्ण एवं अनैतिक है।आज जिले के युवा बेरोजगार हैं रोजगार के अवसर नहीं हैं किसान मजदूर परेशान हैं फसलों का दाम बढ़ाने के नाम पर सरकार द्वारा सिर्फ घोषणा है,शिक्षा,स्वास्थ्य, उमरिया शहडोल सड़क निर्माण गति विहीन है आदि समस्याओं को लेकर सरकार की अनदेखी जिलेवासियों में रोष व्याप्त करती है।
   किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष शकील खान ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि नवंबर 2024 में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वन्यजीवों के हमले में मृत व्यक्तियों के परिजनों को ₹25 लाख की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की थी, लेकिन आज तक इस संबंध में कोई अधिसूचना जारी नहीं की गई है। ऐसी दर्जनों घटनाएं सामने आ चुकी हैं, इसके बावजूद एक बार फिर घोषणा कर दी गई।
मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के संवेदनशील क्षेत्र में उतारा गया, जिससे वन्यजीवों के संरक्षण संबंधी नियमों की अनदेखी का सवाल उठता है।
श्री खान ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की व्यवस्थाओं के दौरान एक मजदूर की मौत हो गई, लेकिन मुख्यमंत्री जी ने न तो संवेदना के दो शब्द व्यक्त किए और न ही मुआवजे की कोई घोषणा की। कांग्रेस पार्टी मृत मजदूर के परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती है।
  युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव विक्रम सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री का दौरा तभी सार्थक होगा, जब जनसमस्याओं का समाधान जमीन पर दिखाई देगा। प्रेस वार्ता में स्वास्थ्य सेवाओं और वन विभाग में कथित अनियमितताओं पर भी सवाल उठाए गए। संगठन ने स्पष्ट किया कि जनता के सवालों का जवाब केवल घोषणाओं से नहीं, ठोस कार्रवाई से देना होगा। 
  इस कार्यक्रम के दौरान रज्जब ख़ान युवा नेता,अजय सोमवंसी सहित जिले के सभी सम्माननीय पत्रकार बंधुओं की गरिमामई उपस्थित रही।

Post a Comment

0 Comments