Bottom Article Ad

बहादुरपुर मझिगवां में दिव्यांग बच्चों के लिए मेडिकल असेसमेंट कैंप, 11 को मिला प्रमाणपत्र, 5 कानपुर रेफर


DD Today News | कन्नौज
दिव्यांग बच्चों को समय पर चिकित्सकीय जांच और प्रमाणपत्र उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को ग्राम पंचायत बहादुरपुर मझिगवां के सभागार में मेडिकल असेसमेंट कैंप एवं दिव्यांगता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दिव्यांगता का आकलन किया तथा पात्र बच्चों को दिव्यांग प्रमाणपत्र जारी किए।
शिविर का आयोजन ग्राम पंचायत के निवर्तमान प्रधान/प्रशासक मुदमंगल सिंह की उपस्थिति में किया गया। कार्यक्रम का संचालन बेसिक शिक्षा विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में, बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं मुख्य चिकित्साधिकारी के निर्देशन में संपन्न हुआ।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग की विशेषज्ञ टीम में डॉ. मो. इरशाद अहमद (नोडल अधिकारी), डॉ. प्रमोद वर्मा (अर्थोपेडिक सर्जन), डॉ. के.बी. गौतम (नेत्र सर्जन), डॉ. रिचा (बाल रोग विशेषज्ञ) एवं डॉ. स्वाति (मानसिक रोग विशेषज्ञ) सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने भाग लिया। इसके अलावा स्पेशल एजुकेटर और फिजियोथेरेपिस्ट ने भी बच्चों के मूल्यांकन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
शिविर में कुल 36 बच्चों का चिकित्सकीय परीक्षण किया गया। इनमें से 11 बच्चों को दिव्यांगता प्रमाणपत्र जारी किए गए, जबकि 5 बच्चों को बेहतर इलाज एवं विस्तृत जांच के लिए कानपुर रेफर किया गया। अन्य बच्चों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं आगे की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में जिला समन्वयक (समेकित शिक्षा) सुबोध कुमार अवस्थी सहित जनपद के स्पेशल एजुकेटर, फिजियोथेरेपिस्ट, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, अभिभावक एवं स्थानीय ग्रामीण भी उपस्थित रहे। शिविर का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने, उनकी पहचान सुनिश्चित करने तथा उन्हें बेहतर चिकित्सा एवं शिक्षा सुविधाओं से जोड़ना रहा।

Post a Comment

0 Comments