उमरिया--ओमप्रकाश गुप्ता-मानपुर। जनपद सदस्य रोशनी सिंह ने भदार नदी पर पुल निर्माण के संबंध में प्रशासन द्वारा किए गए निरीक्षण का स्वागत करते हुए कहा कि यह क्षेत्र के जागरूक नागरिकों एवं पत्रकारों के निरंतर प्रयासों का परिणाम है कि वर्षों पुरानी इस जनसमस्या पर प्रशासन ने संज्ञान लिया है।
उन्होंने कहा कि मानपुर विधानसभा क्षेत्र का लगभग 20 वर्षों से प्रतिनिधित्व करने और प्रदेश में लगभग 25 वर्षों से भाजपा सरकार होने के बावजूद भदार नदी पर आज तक पुल का निर्माण नहीं हो सका। उन्होंने प्रश्न उठाया कि आखिर क्षेत्र की इस गंभीर समस्या को प्राथमिकता क्यों नहीं दी गई।
रोशनी सिंह ने कहा कि हर वर्ष बरसात के दौरान स्कूली छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित होती है। मरीज समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पाते, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों एवं ग्रामीणों को जान जोखिम में डालकर नदी पार करनी पड़ती है। इसके बावजूद स्थायी समाधान नहीं निकल सका।
उन्होंने कहा कि उनकी राय में विधायक निधि का उपयोग भदार नदी पर पुल जैसी स्थायी जनहित की परियोजना के लिए किया जाना चाहिए था। इसके स्थान पर निधि का उपयोग यात्री प्रतीक्षालयों एवं टैंकर जैसी अन्य व्यवस्थाओं पर किया गया, जबकि क्षेत्र की सबसे बड़ी और वर्षों पुरानी समस्या आज भी जस की तस बनी हुई है।
रोशनी सिंह ने शासन एवं प्रशासन से मांग की है कि भदार नदी पर पुल निर्माण के प्रस्ताव को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शीघ्र स्वीकृति प्रदान की जाए, ताकि क्षेत्र की जनता को वर्षों से चली आ रही इस समस्या से स्थायी राहत मिल सके।

0 Comments