Bottom Article Ad

कन्नौज: पुलिस को चकमा देकर पॉक्सो एक्ट का आरोपी कस्टडी से फरार, लापरवाही पर दो सिपाही निलंबित

 जनपद के सौरिख थाने में पुलिसकर्मियों की बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां पुलिस अभिरक्षा से पॉक्सो एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं का एक आरोपी सुरक्षाकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए ड्यूटी पर तैनात दो सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, सौरिख थाना पुलिस ने 25 वर्षीय एक वांछित आरोपी को हिरासत में लिया हुआ था। 30 अगस्त को कस्टडी के दौरान आरोपी ने पेट खराब होने की शिकायत की और शौच जाने की बात कही। शौच के दौरान उसने मौका ताड़ा और सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मियों को गच्चा देकर वहां से भाग निकला। थाने से आरोपी के फरार होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में उसकी तलाश शुरू की गई।

कस्टडी से आरोपी के भागने की घटना को उच्चाधिकारियों ने बेहद गंभीरता से लिया है। प्रथम दृष्टया ड्यूटी में घोर लापरवाही पाए जाने पर सुरक्षा में तैनात दोनों सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

पुलिस के आला अधिकारियों ने बताया कि इस पूरे प्रकरण की प्रारंभिक जांच और विभागीय कार्रवाई क्षेत्राधिकारी (CO) तिर्वा को सौंप दी गई है। इसके साथ ही, फरार आरोपी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं, जो लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

कन्नौज - ब्यूरो रिपोर्ट 

Post a Comment

0 Comments