उमरिया। पुलिस अधीक्षक विजय भागवानी के निर्देशन में उमरिया पुलिस ने झपटमारी एवं चोरी के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, एक मोटरसाइकिल और मोबाइल सहित करीब 1 लाख 44 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया है। पूछताछ में आरोपियों ने थाना इंदवार क्षेत्र में हुई कुछ अन्य चोरी की वारदातों को भी अंजाम देना स्वीकार किया है।
पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई 2026 को बिजौरा निवासी रावेन्द्र सिंह की शिकायत पर कोतवाली उमरिया में अपराध क्रमांक 404/26 धारा 304(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी विजय भागवानी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आलोक शर्मा के निर्देश पर एसडीओपी उमरिया पी.एस. परस्ते के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास निरीक्षण कर भौतिक एवं तकनीकी साक्ष्य जुटाए और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। मुखबिर की सूचना एवं साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने ललन सिंह गौंड (30), निवासी बड़वाही और निशा रजक (22), निवासी बालोद छत्तीसगढ़, हाल बड़वाही को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर चोरी का मशरूका बरामद कर दोनों को गिरफ्तार किया गया। मामले में आगे वैधानिक कार्रवाई जारी है।

0 Comments